जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय केबल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 11 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय केबल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 टन चोरी का केबल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण और वाहन भी बरामद किए गए हैं। इनमे गैस कटर, वायर कटर, एक कंटेनर ट्रक, बोलेरो नियो वाहन और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 1 करोड़ 11 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों का मकसद चोरी किए गए केबल को राज्य से बाहर बेचना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें समय रहते पकड़ लिया।

पिछले कुछ समय से जिले में केबल और बिजली तार चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद अकलतरा थाना में अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में साइबर सेल और अकलतरा थाना पुलिस शामिल थे। मुखबिरों की मदद से लगातार निगरानी रखी गई।

23 दिसंबर को सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में चोरी का बिजली केबल लोड किया गया है और इसे दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने जिला जेल के पीछे शासकीय स्कूल के पास वाहन को रोका। जांच में कंटेनर से भारी मात्रा में केबल, गैस कटर और सिलेंडर बरामद हुए।

वाहन चालक फिरोज खान ने पूछताछ में बताया कि केबल नैला निवासी आसिफ रजा के गोदाम से लोड कर दिल्ली ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोदाम में छापा मारा और बड़ी मात्रा में चोरी का केबल जब्त किया। सभी आरोपियों को थाना अकलतरा में हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची इस प्रकार है: आसिफ रजा (24 वर्ष), लव डोंगरे (22 वर्ष), फिरोज खान (40 वर्ष), मुकेश कुमार यादव (21 वर्ष), राहुल सोनी (27 वर्ष), राहुल कारके (19 वर्ष), अभिषेक यादव (25 वर्ष), सुमित (18 वर्ष), राकेश सूर्यवंशी (19 वर्ष), विश्वनाथ सोनी (19 वर्ष), रवि कुमार कश्यप (20 वर्ष)।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि चोरी के अंतरराज्यीय गिरोहों को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधि या चोरी के प्रयास देखे जाने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस कार्रवाई से जिले में बिजली केबल और अन्य अवैध धातु चोरी की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

close