लखीमपुर खीरी: तिकुनिया इलाके में फार्म हाउस में घुसा तेंदुआ, किसान पर किया हमला, फैली दहशत

लखीमपुर खीरी: जिले के तिकुनिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत रननगर में रविवार को फार्म हाउस में घुसा तेंदुआ किसान राजन शर्मा पर झपट पड़ा. हमले में राजन का हाथ घायल हो गया.
घटना के बाद तेंदुआ घर के अंदर ही बैठ गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई. तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है.
बताया गया कि कस्बा निवासी राजन शर्मा रविवार सुबह अपने फार्म पर थे. करीब 10 बजे उन्हें जानकारी मिली कि घर के अंदर तेंदुआ है. उन्होंने अंदर जाकर देखा तो तेंदुआ मौजूद था. आहट मिलते ही तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया. इससे उनका हाथ घायल हो गया और मोबाइल फोन वहीं पर गिर गया। राजन किसी तरह भागकर बाहर निकले और अपनी जान बचाई.
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम ने पहुंचकर पिंजरा लगवा दिया है। वन दरोगा हरिलाल भारती ने बताया कि तेंदुए को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
खेत में चर रहे सांड़ का बाघ ने किया शिकार
मैलानी वन क्षेत्र के ग्राम संसारपुर के झाला गांव के पास छोटी नहर पटरी के किनारे शनिवार रात बाघ ने एक सांड़ का शिकार कर दिया. रविवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों को सांड़ का अधखाया शव पड़ा मिला. आबादी के करीब बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई.
सूचना पर फॉरेस्टर प्रदीप पांडे और फॉरेस्ट गार्ड सागर कुशवाहा मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया. वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और समूह में खेतों की ओर जाने की सलाह दी है.
तीसरे दिन भी गन्ने के खेत में डेरा जमाए रहा बाघ
पलियाकलां में त्रिकोलिया मोड़ के पास गन्ने के खेत में बाघ तीसरे दिन भी डेरा जमाए रहा. वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है, लेकिन बाघ पिंजरे से दूर बना हुआ है. रेंजर विनय कुमार सिंह और डिप्टी रेंजर शिवबाबू सरोज के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है. ड्रोन कैमरे से निगरानी में बाघ गन्ने के खेत के भीतर बैठा दिखाई दिया.
वन विभाग की योजना बाघ को ट्रेंक्युलाइज कर पकड़ने की है, जिसके लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति का इंतजार है. इलाके में रेड अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को अकेले खेतों में न जाने की सलाह दी गई है.











