लोनर हाथी ने कुचला, 24 घंटे के भीतर दो महिला की मौत

कोरबा: कटघोरा वन मंडल में 24 घंटे के भीतर लोनर हाथी ने दो महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया है. गुरुवार को जटगा रेंज के गांव बिंझरा के आश्रित ग्राम चंदनपुर में हाथी ने एक महिला को पटक कर मार डाला. बुधवार को चैतमा रेंज में लोनर हाथी ने एक महिला को मौत की नींद सुलाया था.
हाथी ने महिला को कुचला
हाथी ने महिला को बेहद वीभत्स तरीके से कुचल कर मौत के घाट उतारा है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने महिला का एक हाथ उखाड़ कर अलग फेंक दिया. एक दांत सिर में घुसाकर हाथी ने महिला को मारा है.जिसने भी मौत के बाद महिला के क्षत विक्षत शव को देखा, उसका दिल दहल गया.
36 वर्षीय महिला की मौत
जंगली हाथी के हमले में 24 घंटे के अंदर कटघोरा वन मंडल में एक और ग्रामीण महिला की मौत हो गई. मृतका का नाम मीना बाई( उम्र 36 वर्ष) है. सुबह बाड़ी जाते समय उसका हाथी से सामना हो गया. हाथी ने उसे कुचलकर मार दिया.
दहशत में ग्रामीण
ग्राम चैतमा में घटी घटना के बाद जिले में 24 घंटे में दूसरी घटना घटी है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं. सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पर पहुंची. मृतका के परिजनों को तत्काल ₹25000 मुआवजा राशि दी गई है.
ग्रामीणों के गंभीर आरोप
गांव बिंझरा निवासी और सांसद प्रतिनिधि मुरली संत ने बताया कि लोनर हाथी पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है. लेकिन हमारे गांव में मुनादी नहीं कराई गई है, ना कोई सूचना थी. पिछली रात 12:00 बजे सरपंच को सूचना दी गई है. अब रात को 12 बजे किस व्यक्ति को सूचित करेंगे? गांव में सायरन की गाड़ी तक नहीं भेजी गई, ना ही ठीक तरह से सूचित किया गया. जिसके कारण ही महिला के मौत हुई है.
सघन जंगल के कारण निगरानी में भी परेशानी
वन विभाग द्वारा इस लोनर हाथी की ड्रोन कैमरा से निगरानी की जा रही है. जिस क्षेत्र में फिलहाल लोनर हाथी विचरण कर रहा है, वहां बेहद सघन और घने जंगल हैं. घने पेड़ होने के कारण ऊपर से हाथी की सटीक निगरानी नहीं हो पाती. पेड़ के नीचे से हाथी किस दिशा में गया, वन विभाग को यह पता नहीं चल पाता. सघन जंगल के कारण कई बार ड्रोन कैमरा से भी हाथी का सटीक लोकेशन नहीं मिल पता. निगरानी करना भी मुश्किल हो रहा है. फिलहाल लोनर हाथी गांव बिंझरा के पास डोंगरतराई में घूम रहा है. वन अमला उसकी सटीक निगरानी की कोशिश में जुटा है.









