दुर्ग में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, लापरवाही पर थाना प्रभारी सस्पेंड

दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कई थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की है। नंदिनीनगर थाना प्रभारी को लापरवाही के चलते सस्पेंड कर लाइन अटैच किया गया है, जबकि छावनी थाना प्रभारी को हटाकर ट्रैफिक विभाग भेज दिया गया है।
नंदिनीनगर थाना क्षेत्र में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई पाए जाने पर थाना प्रभारी के खिलाफ यह कदम उठाया गया। जांच में सामने आया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा था।
छावनी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ते विवाद और संवेदनशील मामलों को संभालने में असफलता के चलते वहां के थाना प्रभारी को भी हटाया गया है। पिछले कुछ महीनों में यहां सामुदायिक तनाव और विभिन्न विवादों के मामले सामने आए थे, जिन पर नियंत्रण नहीं हो पाया।
पुलगांव थाना प्रभारी को हटाकर उन्हें छावनी थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस क्षेत्र में अफीम की खेती जैसे गंभीर मामले सामने आने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
इसके अलावा अन्य पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। सभी अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









