मऊगंज: पारिवारिक कलह ने लिया हिंसक रूप, भतीजे ने लाठी-डंडे से किया 70 वर्षीय चाचा पर जानलेवा हमला

मऊगंज: जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत हडिया गांव में पारिवारिक कलह ने शनिवार को हिंसक और शर्मनाक रूप ले लिया. वर्षों से सुलग रहे घरेलू विवाद ने अचानक ऐसा विस्फोट किया कि रिश्तों की मर्यादा लहूलुहान हो गई. एक भतीजे ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही 70 वर्षीय चाचा पर लाठी-डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे गांव में सनसनी फैल गई. घटना में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की पहचान रामसेवक साकेत पिता गंगा प्रसाद साकेत (70) के रूप में हुई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को किसी पुराने विवाद को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भतीजा आपा खो बैठा और उसने लाठी-डंडे से अपने चाचा पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में रामसेवक साकेत के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए.

हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को किसी तरह संभालते हुए इलाज के लिए अस्पताल ले गए. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है, वहीं उनकी हालत को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित पक्ष नईगढ़ी थाना पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश को ही हमले का मुख्य कारण माना जा रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com