रायपुर में MDMA ड्रग्स सिंडीकेट का पर्दाफाश, दो और आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एम.डी.एम.ए ड्रग्स सिंडीकेट से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स, नकदी, मोबाइल फोन और एक लग्जरी चारपहिया वाहन जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर स्थित वरण अपार्टमेंट के एक फ्लैट में एम.डी.एम.ए ड्रग्स की खरीदी-बिक्री हो रही है। कार्रवाई में मौके से 10 ग्राम एम.डी.एम.ए, 20 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस दौरान मुख्य सप्लायर समेत कुल 5 आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पूरे सिंडीकेट का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि ड्रग्स की खरीद-बिक्री में ईवेंट डेकोरेशन से जुड़े लोग भी शामिल थे। पुलिस ने मंदिर हसौद निवासी मोह. माजिद और नागपुर निवासी नंदलाल ठाकुर को भी गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और एक टाटा हैरियर वाहन जब्त किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में नारकोटिक एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत ड्रग्स नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शे बिना कार्रवाई जारी रहेगी।









