फतेहपुर में बजट पर मिली-जुली प्रतिक्रिया, राजनीतिक दलों में तीखी बयानबाजी… जनता बोली- “महंगाई में राहत नहीं”

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में पेश किए गए बजट को लेकर राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनमानस तक तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.

जहां भाजपा नेताओं ने बजट को जनकल्याणकारी और “डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धि” बताया, वहीं समाजवादी पार्टी सहित कई लोगों ने इसे “खोखला, दिखावटी और जनता के साथ छल” करार दिया है.

बजट पर जिले में समर्थन और विरोध का माहौल देखने को मिला. आम लोगों ने साफ कहा कि बजट से किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं दिखती, जबकि महंगाई, शिक्षा, रोजगार और महिलाओं के मुद्दों पर बजट कमजोर साबित हो रहा है.

सपा ने बजट को बताया “जनता विरोधी और सिर्फ खानापूर्ति”

समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने बजट पर हमला बोलते हुए कहा कियह बजट आम आदमी के हितों के लिए नहीं है. इसमें कोई ठोस, कारगर नीति नहीं दिखाई देती.

वहीं समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रामेश्वर दयाल गुप्ता ने भी बजट को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बजट सिर्फ कागजी घोषणाओं और खानापूर्ति का दस्तावेज है, जनता के हितों को दरकिनार किया गया है.

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बजट में किसानों, बेरोजगारों और गरीबों के लिए कोई मजबूत रोडमैप नहीं है.

भाजपा ने बजट को बताया “गरीबों के लिए वरदान”

दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बजट की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को कई सौगातें दी हैं. बजट गरीबों और जनकल्याणकारी योजनाओं को मजबूती देने वाला है.

भाजपा नेताओं का दावा है कि यह बजट विकास और जनहित को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है.

वरिष्ठ पत्रकार का बड़ा बयान—“शिक्षा, रोजगार और किसानों की अनदेखी”

वरिष्ठ पत्रकार राममूर्ति ने बजट पर सीधा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि बजट में शिक्षा, बेरोजगारों और किसानों के हितों पर कोई गंभीर ध्यान नहीं दिया गया.

यह बजट युवाओं और किसानों को नजरअंदाज करने वाला साबित हो रहा है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनहित चाहती है तो रोजगार और शिक्षा पर ठोस कदम उठाने होंगे.

महिलाओं की नाराजगी—“किचन से लेकर आभूषण तक महंगाई की मार”

बजट को लेकर महिलाओं में भी नाराजगी दिखी। महिलाओं का कहना है कि बजट में महिलाओं के हितों को नजरअंदाज किया गया है.

किचन का सामान हो या आभूषण—महंगाई की मार हर तरफ है, लेकिन राहत कहीं नहीं.

महिलाओं ने साफ कहा कि बजट में महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और महंगाई से राहत जैसे मुद्दे कमजोर हैं.

भाजपा मंडल समन्वयक का दावा—“मेडिकल क्षेत्र में बड़ा कदम, टैक्स में राहत”

जहानाबाद विधानसभा मंडल समन्वयक डॉ. ओम प्रकाश पाल ने कहा कि सरकार ने गरीबों और आम जनता के हितों में लगातार काम किया है.

कैंसर सहित 17 दवाओं पर मेडिसिन टैक्स में छूट देकर मेडिकल क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया है.

उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा हर जनपद में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण,आयुर्वेदिक एम्स की योजना,महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे कदम उठाकर जनता को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है.

भाजपा नेत्री जयंती वर्मा बोलीं—“बजट जनकल्याणकारी, स्वास्थ्य-शिक्षा पर फोकस”

भाजपा नेत्री जयंती वर्मा ने भी बजट को जनहितकारी बताते हुए कहा कि यह बजट जनकल्याणकारी है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बहुउद्देशीय कार्य किए गए हैं.

निष्कर्ष—बजट पर फतेहपुर में “तारीफ भी, तकरार भी” फतेहपुर में बजट को लेकर राजनीतिक दलों में तीखी बयानबाजी के साथ-साथ जनता के बीच भी असंतोष देखने को मिला.

जहां भाजपा इसे विकास और जनकल्याण का बजट बता रही है, वहीं विपक्ष और आम लोगों का कहना है कि महंगाई, रोजगार, शिक्षा और महिलाओं के हितों पर बजट कमजोर है.

बजट को लेकर जिले में यह साफ हो गया कि यह बजट जितना प्रचारित किया जा रहा है, उतना जमीन पर असर दिखना अभी बाकी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com