युवा-महोत्सव में पीछे जगह मिलने से MLA अमर हुए नाराज,VIDEO:CM साय ने फ्रंट-लाइन पर बैठने बुलाया, तो अग्रवाल बोले-आपके सम्मान में आ जाता हूं

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव में भाजपा के सीनियर लीडर और विधायक अमर अग्रवाल अव्यवस्था को लेकर नाराज हो गए। मंच में पीछे लाइन पर जगह मिलने से नाराज अमर अग्रवाल ने कलेक्टर संजय अग्रवाल पर नाराजगी जताई।

इस दौरान सीएम विष्णु देव साय ने उन्हें सामने फ्रंट लाइन पर बैठने कहा। जिस पर अमर अग्रवाल ने कहा कि, मैं आपके सम्मान में आ जाता हूं। वहीं, कार्यक्रम के बाद विधायक ने कहा कि, मेरी कोई नाराजगी नहीं है। मैं शुरू से व्यवस्था के पालन का आदि रहा हूं। कोई विधायक की उपेक्षा नहीं हो रही है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, मंगलवार को बहतराई स्थित खेल परिसर में राज्य युवा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में सीएम विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, डिप्टी सीएम अरुण साव सहित मंत्री और विधायक शामिल हुए। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेश भर के 30000 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

जिसमें 14 सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समारोह में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की लॉन्चिंग के साथ ही खेलों के शुभंकर मोर वीर थीम सांग और खेलो इंडिया टार्च का अनावरण किया गया।

अमर अग्रवाल को हेलीपेड पर सुरक्षा बलों ने रोका

इस आयोजन से पहले जब सीएम साय एसईसीएल स्थित हेलीपेड पहुंचे, तब उनकी अगुवाई करने बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, आईजी संजीव शुक्ला, एसएसपी रजनेश सिंह पहुंचे थे।

सीएम साय के साथ डिप्टी सीएम अरूण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और क्रेडा के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी भी पहुंचे। यहां उनकी अगुवाई करने पहुंचे विधायक अमर अग्रवाल को सुरक्षा बलों ने हेलीपेड के बाहर ही रोक दिया। हालांकि, उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। बाद में उन्हें अंदर जाने दिया गया।

मंच पर पहली लाइन पर सीएम और मंत्री

जिला प्रशासन ने इस समारोह में सीएम साय सहित विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मंत्रियों के लिए मंच के सामने सोफा लगाया था। जिसमें उनके नाम लिखे थे। लेकिन, आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अन्य अतिथि नहीं पहुंचे। जिसके चलते मंच के सामने सोफा खाली रह गया।

कलेक्टर ने सामने बुलाया तब नाराज हुए विधायक अमर

इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधायक अमर अग्रवाल को सामने सोफा में बैठने का आग्रह किया। जिस पर विधायक अमर अग्रवाल नाराज हो गए। हालांकि, उन्होंने कलेक्टर से कुछ नहीं कहा, केवल आंखें निहार कर नाराजगी का इशारा किया। जिसे कलेक्टर समझ गए।

सीएम साय ने सामने बुलाकर दी जगह

इस अव्यवस्था को देखकर सीएम साय ने भांप लिया। उन्होंने विधायक अमर अग्रवाल को सामने आने का आग्रह किया। तब उन्होंने अपनी जगह पर बैठने की बात कही। फिर सीएम के आग्रह पर सामने आने की बात कहते हुए फ्रंट लाइन पर बैठ गए।

विधायक अमर बोले- कोई नाराजगी, उपेक्षा नहीं

इस कार्यक्रम के बाद विधायक अमर अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, मेरी कोई नाराजगी नहीं है। मैं शुरू से व्यवस्था का पालन करने का आदी रहा हूं। सभी मंत्री आमंत्रित थे, हम लोगों का नाम पीछे था। मैं अपनी ही चेयर पर बैठा था, चूंकि मंत्री नहीं आए, इसलिए उन्होंने मुझे सामने आने का आग्रह किया। विधायकों में कहीं कोई नाराजगी नहीं है।

अनुज शर्मा ने बांधा समां

महोत्सव में 14 विधाओं में 8 दलों और 6 एकल विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं, धरसीवां विधायक, पद्मश्री अनुज शर्मा और उनकी टीम ने रंगारंग छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी में शामिल प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी।

close