सादगी की मिसाल: बैलगाड़ी में निकली विधायक दीपेश साहू की बारात, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में लेंगे सात फेरे

बेमेतरा। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने सादगी और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में तरुणा साहू के साथ विवाह बंधन में बंधने का निर्णय लिया है। इस विशेष अवसर को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।
बैलगाड़ी में निकली बारात, परंपरा और सादगी का संगम
विवाह से पहले विधायक दीपेश साहू की बारात बैलगाड़ी में निकाली गई। पारंपरिक अंदाज में निकली इस बारात ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बारात में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि बाराती बनकर शामिल हुए। सादगीपूर्ण आयोजन को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज होंगे शामिल
सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समेत छत्तीसगढ़ शासन के कई मंत्री और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने विशेष तैयारियां की हैं।
सामूहिक विवाह को मिलेगा नया संदेश
एक जनप्रतिनिधि द्वारा सामूहिक विवाह योजना के मंच से विवाह करने के फैसले को समाज में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इससे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को भी मजबूती मिलेगी।
जनता में उत्साह, शादी जैसा माहौल
हालांकि विवाह सामूहिक रूप से आयोजित किया जा रहा है, लेकिन उत्साह किसी भव्य शादी से कम नहीं है। घराती और बाराती दोनों पक्षों के लोग पूरे जोश और उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।











