नोएडा पुलिस ने 821 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए, जानें कैसे मिलेगा आपका फोन वापस

नोएडा पुलिस ने मोबाइल चोरी के सबसे बड़े मामलों में से एक में 821 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 6 से 8 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इन सभी मोबाइल फोन को उनके असली मालिकों तक सुरक्षित और कानूनी तरीके से वापस पहुंचाना है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-NCR, बिहार, झारखंड और नेपाल तक सक्रिय था। गिरोह ने भीड़-भाड़ वाले इलाकों जैसे मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार और मेलों में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोरी के बाद मोबाइल मास्टरमाइंड गोविंदा महतो के पास लाए जाते थे, जो कीमत तय करके उन्हें बिहार, झारखंड और नेपाल भेज देता था।

पुलिस ने बताया कि गिरोह ने दो नाबालिगों को भी चोरी में इस्तेमाल किया। सर्दियों के मौसम में भारी कपड़ों के कारण लोग मोबाइल की चोरी का तुरंत एहसास नहीं करते थे, जिसका फायदा गिरोह उठाता था।

अब पुलिस हर मोबाइल का IMEI नंबर ट्रेस कर रही है और टेलीकॉम कंपनियों तथा थानों के रिकॉर्ड से मालिकों की पहचान कर रही है। जिन लोगों ने पहले FIR दर्ज कराई थी, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। जिनके पास बिल, बॉक्स या खरीद संबंधी वैध दस्तावेज हैं, वे कोर्ट के माध्यम से भी मोबाइल वापस पा सकते हैं।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें और चोरी होने पर तुरंत FIR दर्ज कराएं। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जल्द ही एक विशेष अभियान चलाकर 821 मोबाइल स्वामियों को चिन्हित कर उन्हें लौटाया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com