पराक्रम दिवस पर मीरगंज में उमड़ा देशप्रेम, आरपी इंटर कॉलेज में गूंजा नेताजी का विचार

बरेली : राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के अवसर पर मीरगंज क्षेत्र में भारी उत्साह देखने को मिला.नगर के आर.पी. इण्टर कॉलेज में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने नेताजी के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा प्रकट की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के शिक्षकों द्वारा नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया.
युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं नेताजी: मनोज कुमार पाराशरी
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए प्रवक्ता मनोज कुमार पाराशरी ने नेताजी के संघर्षमय जीवन पर प्रकाश डाला.उन्होंने कहा कि नेताजी का व्यक्तित्व और उनके द्वारा किया गया बलिदान आज भी भारतीय युवाओं के लिए साहस, त्याग और अटूट राष्ट्रभक्ति की एक जीवंत मिसाल है.उनके आदर्श हमें सिखाते हैं कि विषम परिस्थितियों में भी अपने देश के प्रति कर्तव्यों से पीछे नहीं हटना चाहिए.
सशक्त भारत का सपना और विद्यार्थियों की जिम्मेदारी
वहीं, प्रवक्ता डॉ. स्नेह कुशवाहा ने अपने संबोधन में नेताजी के विजन को रेखांकित किया.उन्होंने कहा कि नेताजी एक ऐसे भारत का सपना देखते थे जो सशक्त, आत्मनिर्भर और पूरी तरह अनुशासित हो.डॉ. कुशवाहा ने छात्रों का आह्वान किया कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि नेताजी के महान विचारों को अपने आचरण में उतारें ताकि समाज और राष्ट्र निर्माण में वे अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें.
सामूहिक संकल्प के साथ समापन
कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का वातावरण बना रहा.इस अवसर पर मनोज वर्मा, अमित तिवारी, किरन सिंह, प्रेम कुमारी, सुनैना, सावित्री सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ उपस्थित रहा.कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में नेताजी के बताए मार्ग पर चलने और देश की सेवा का सामूहिक संकल्प लिया.











