सुपौल : व्यापारियों में दहशत, रेडीमेड दुकान से लाखों की चोरी

सुपौल : भपटियाही थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार चौक स्थित एक रेडिमेड कपड़ा दुकान में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने दुकान की छत का चदरा काटकर करीब पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य के कपड़े और नकद राशि की चोरी कर ली.

पीड़ित दुकानदार मनोज कुमार साह जो लालगंज बाजार में रुचि ड्रेसेस नामक रेडिमेड कपड़े की दुकान चलाते हैं ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह संध्या दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. सुबह लगभग आठ बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें कुछ असामान्य नजर आया.

बाहर से ही उन्होंने देखा कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया है और बाहर का बल्ब भी निकाल लिया गया है. इससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई. जब उन्होंने दुकान का शटर खोलकर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि दुकान की छत का चदरा कटा हुआ है. जांच करने पर पता चला कि चोर पहले पास के एक पेड़ पर चढ़े, फिर वहां से दुकान की छत पर पहुंचे और चदरा काटकर अंदर प्रवेश किया.

चोरों ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम देते हुए गल्ले में रखे करीब 60 हजार रुपये नकद तथा दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े और अन्य कीमती वस्त्र चोरी कर लिए. चोरी गए कपड़ों की कुल कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

उन्होंने दुकान मालिक से विस्तृत जानकारी ली तथा आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की. थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com