अटल और मालवीय की जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, औरंगाबाद में धूमधाम से हुआ आयोजन

औरंगाबाद : शहर के ब्लॉक मोड़ स्थित सम्राट अशोक भवन में चाणक्य परिषद के तत्वाधान में गुरुवार के अपराह्न एक बजे से 5 बजे तक भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती समारोह धूमधाम से मनाई गई.
समारोह का उद्घाटन गिरिडीह के पूर्व सांसद रबिंद्र पाण्डेय, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबल्लभ सिंह उर्फ बबुआ जी, नगर परिषद के अध्यक्ष उदय गुप्ता,रेडक्रास के चेयरमैन सहित शहर के सामाजिक,राजनैतिक एवं सांस्कृतिक गतिविधि से जुड़े प्रबुद्ध एवं गणमान्य लोगों के द्वारा संयुक्त रूप से दोनों महापुरुषों की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की.
इस दौरान आगत अतिथियों ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की चर्चा कर देश के नव निर्माण में उनके योगदान को गिनाया.अतिथियों ने दोनों को भारत की तस्वीर बदल देने वाला व्यक्तित्व बताया और कहा कि उनके लिए राष्ट्र और उसका उत्थान हमेशा सर्वोपरि रहा.वक्ताओं ने कहा कि इनके अपनाए रास्तों पर चलने और नीतियों तथा विचारधाराओं को अपनाने की जरूरत है ताकि देश में प्रेम और भाईचारा का माहौल कायम रह सके.
इस मौके पर ब्राह्मण समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले शहर के दिवंगत आत्माओं को न सिर्फ याद किया गया बल्कि उनकी तस्वीर पर भी माल्यार्पण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी गई और लोगों से उनकी कृतियों को अक्षुण्ण रखने की अपील की गई.
मंच के माध्यम से संज्ञा समिति गया जी के अध्यक्ष अशोक पांडेय ने नगर परिषद के चेयरमैन एवं भाजपा नेता सह रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष से चाणक्य परिषद के अपने भवन के लिए जगह की मांग की ताकि अगले वर्ष यह कार्यक्रम उक्त भवन में सम्पन्न हो.उनके इस मांग का करतल ध्वनियों से समर्थन किया गया.कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध लोक गायक टिंकू टाइगर की भावपूर्ण प्रस्तुति की मुक्त कंठो से सराहना की गई.









