डूंगरपुर में बजरी माफिया पर पुलिस का शिकंजा: डीएसटी की देर रात छापेमारी में डंपर जब्त, तीन गोदाम सील

डूंगरपुर: जिले में अवैध बजरी परिवहन एवं भंडारण लगातार बेख़ौफ जारी है. गुजरात से ओवरलोड बजरी लेकर आने वाले डंपरों पर नकेल कसने में खनिज विभाग सुस्ती दिखा रहा है, लेकिन पुलिस एक्शन मोड़ में नजर आ रही है. बजरी माफियाओं पर लगाम कसने एसपी ने विशेष निर्देश जारी कर रखे है. इसी कड़ी में देर रात सीमलवाड़ा कस्बे में डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया.
मुखबिर से मिली सूचना के बाद डीएसटी टीम द्वारा कस्बे में नाकाबंदी की गई. इस दौरान गुजरात से बजरी भरकर आ रहे एक डंपर को रोका गया. कागजात मांगे जाने पर चालक वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिस पर डंपर को जब्त कर पुलिस थाना धम्बोला में खड़ा कराया गया.
टीम ने आगे कार्रवाई बढ़ाते हुए सीमलवाड़ा कस्बे में स्थित भारत बिल्डिंग मटेरियल, सांवरिया कंस्ट्रक्शन और साई कंस्ट्रक्शन के गोदामों पर छापा मारा. जांच में यहां बड़े पैमाने पर अवैध बजरी के ढेर मिले. फर्म संचालक बजरी के भंडारण से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए. इसके बाद मामले की अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना धम्बोला एवं खनिज विभाग को सूचित किया गया.
अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. ओवरलोड डंपरों के कारण सड़कों को नुकसान के साथ सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध बजरी के परिवहन, भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई में पु.नि. रतनलाल, हेड कांस्टेबल मोहनपाल सिंह, कांस्टेबल राहुल त्रिवेदी, जितेन्द्र, आदित्य मेहता, हंसराज सिंह और गौरव सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com