सीधी: नेहरू तिराहे के पास 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों मौत, पुलिस जांच में जुटी

सीधी: जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू तिराहे के पास एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान आशा रावत पिता छोटे लाल रावत उम्र लगभग 40 वर्ष निवासी खामौनिया खुर्द के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रीवा में काम करता था और वहां से चुरहट आया था.
जहां नेहरू तिराहे के पास उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिला. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं.
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है.











