भिलाई में मां पर धर्म परिवर्तन का दबाव, बेटा गिरफ्तार

भिलाई के रिसाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपनी मां पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आशीष नगर पश्चिम निवासी 52 वर्षीय महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र होशांग वर्मा उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह गाली-गलौज करता, घर में तोड़फोड़ करता और जान से मारने की धमकी देता था।
महिला ने यह भी बताया कि आरोपी ने घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक दिया और पूजा-पाठ में बाधा पहुंचाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











