रायबरेली: अधिकारी-कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा RDA, जमकर हो रही अवैध प्लाटिंग

रायबरेली: अधिकारियों की कमी से विकास प्राधिकरण के कार्य प्रभावित हो रहे हैं. प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता के सेवानिवृत्त हो जाने के तीन माह के बाद भी प्राधिकरण को अब तक कोई अधिशाषी अभियंता नहीं मिला है. एक मात्र सहायक अभियंता और तीन अवर अभियंता के सहारे प्राधिकरण के कार्य चल रहे हैं.

अधिकारियों के साथ में प्राधिकरण में कर्मचारियों की भी कमी है. मात्र चार लिपिकों के साथ प्राधिकरण भवनों के नक्शें के साथ में भवन स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं. इसके चलते लोगों को अपने भवन से जुड़े कार्यों को कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कई महीनों के बाद अब जाकर प्राधिकरण को एक स्वतंत्र सचिव मिला है. अब प्राधिकरण के सचिव के रूप में एडीएम न्यायिक विशाल यादव को नियुक्त किया गया है. इससे लोगों के कार्यों में तेजी आएगी. अभी तक एडीएम एफआर के द्वारा ही प्राधिकरण के सचिव के रूप में कार्य लिया जा रहा था.

दो विभागों का चार्ज होने से उनको भी प्राधिकरण के कार्यों को करने में परेशानी उठानी पड़ रही थी. विकास प्राधिकरण के पास अधिकारियों की कमी का फायदा प्रापर्टी डीलरों के द्वारा उठाकर शहर के बाहरी भाग में लगातार अवैध प्लाटिंग कराई जा रही है. प्राधिकरण के पास प्रर्वतन कार्य के लिए अधिकारी नहीं हैं.

इसके चलते पूरे शहर में अवैध रूप से भवनों का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है. प्राधिकरण के पास सिविल कार्यों को देखने के लिए कोई सिविल से जुड़ा अवर अभियंता नहीं है. तीनों अवर अभियंता इलेक्ट्रिक से जुड़े कार्य को देखते हैं. इन अवर अभियंताओं से सिविल से जुड़े कार्य लिए जा रहे हैं.

प्राधिकरण को प्रर्वतन के कार्यों के लिए कुल दस अवर अभियंता की जरूरत है. जबकि मौजूदा समय में कुल तीन अवर अभियंता प्राधिकरण के पास हैं. कर्मचारियों के साथ अधिकारियों की कमी के चलते प्रत्येक माह प्रापर्टी डीलर नई अवैध कालोनी बसा रहे हैं.

शहर के क्षेत्र में तेजी से हो रही प्लॉटिंग

परशदेपुर रोड के साथ में प्रयागराज रोड के साथ में मटिहा ओर महराजगंज रोड पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है. प्रापर्टी डीलरों ने प्लाटिंग करने के लिए प्राधिकरण से अनुमति नहीं ली है. इसके साथ में किसानों की जमीनों का बगैर भू उपयोग परिवर्तन कराए खेती की जमीन पर प्लाटिंग करने का खेल चल रहा है.

क्या बोले साहब ?

एडीएम व सचिव प्राधिकरण विशाल यादव ने बताया कि प्राधिकरण कर्मचारियों की कमी है, लेकिन जो मौजूदा है उनसे कार्य कराए जा रहे हैं. प्रयास यही रहेगा कि लोगों को अपने कार्यों के लिए परेशान न होने पड़े.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com