दिल्ली-NCR में सुबह से बारिश, मुंबई में ऑरेंज अलर्ट; जानें इन 15 राज्यों का मौसम?

 दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को सुबह से ही बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 8 और 9 जुलाई के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है. 8 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. आईएमडी का अनुमान है कि 11 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 13 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन पहाड़ी राज्यों में तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में कैसा रहेगा मौसम?

हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 8 से 9 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जुलाई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 से 13 जुलाई के बीच बारिश तेज रहने का अनुमान है. राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी कई जिलों में बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है. बिहार में 8-9 जुलाई और फिर 11 से 13 जुलाई के बीच कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है. झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अलर्ट है.

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश

पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. आठ से 9 जुलाई को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार बारिश होने की संभावना है. मेघालय और असम के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.

गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. 8 से 10 जुलाई तक इन राज्यों के कुछ इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

मुंबई में बारिश से बेहाल

मुंबई में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. आईएमडी ने भारी बारिश और 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. एहतियातन मंगलवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए. कई सड़कें जलमग्न रहीं, पेड़ और दीवारें गिरने की घटनाएं भी सामने आईं. लोकल ट्रेन सेवाएं देरी से चल रही हैं, जबकि मेट्रो और बेस्ट बसें सामान्य रहीं. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन के बाद बंद मार्ग दोबारा खोल दिया गया. पुणे जिले में भारी बारिश और भूस्खलन से चार लोगों की मौत हुई है.

वहीं दक्षिण भारत में तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है. अगले कुछ दिन देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com