राजस्थान: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को मारी टक्कर, नाइट शिफ्ट से लौट रहे प्लांट के 25 कर्मचारी घायल; मची चीख-पुकार

अजमेर: किशनगढ़ शहर में आज सुबह तेज रफ्तार के कहर के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र के बड़गांव चौराहे पर सुबह 7:30 बजे एक ट्रेलर ने पीछे से बस को टक्कर मार दी. हादसे में सोलर प्लांट के 25 से अधिक कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है. बस में कुल करीब 36 लोग सवार थे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.

पुलिस के अनुसार, बस बड़गांव चौराहे पर यू-टर्न ले रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. बस में सवार कर्मचारी अचानक हुए हादसे से संभल नहीं पाए और एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े, जिससे चीख-पुकार मच गई और बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सूचना मिलते ही बांदर सिंदरी थाना और किशनगढ़ शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उन्होंने तुरंत यातायात को नियंत्रित किया और राहत कार्य शुरू कराया. एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को किशनगढ़ के मार्बल सिटी अस्पताल और राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

25 से अधिक कर्मचारी घायल

हादसे में बस में सवार लगभग 25 कर्मचारी घायल हुए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर है. गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद विशेष निगरानी में रखा गया है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मदद के लिए पहुंचे.

नाइट शिफ्ट के बाद लौट रहे थे कर्मचारी

बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारी सोलर प्लांट में नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद बस से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. किशनगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com