यात्रियों को राहत, हिसार–तिरुपति एक्सप्रेस के फेरे बढ़े, उर्स के लिए अजमेर–हैदराबाद स्पेशल ट्रेन शुरू

यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने रेल सेवाओं के विस्तार का फैसला किया है। इसके तहत हिसार–तिरुपति स्पेशल एक्सप्रेस के फेरों में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही अजमेर उर्स मेला के दौरान अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए अजमेर–हैदराबाद उर्स स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इससे इंदौर, महू, देवास सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

पहले तिरुपति–हिसार स्पेशल 24 दिसंबर तक और हिसार–तिरुपति स्पेशल 28 दिसंबर तक ही अधिसूचित थी। अब दोनों दिशाओं में सात–सात अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अनुसार तिरुपति–हिसार स्पेशल 31 दिसंबर 2025 से 11 फरवरी 2026 तक और हिसार–तिरुपति स्पेशल 4 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इंदौर, महू और देवास के यात्री उज्जैन स्टेशन से इन ट्रेनों का लाभ ले सकेंगे।

उधर, अजमेर उर्स मेला के अवसर पर अजमेर–हैदराबाद उर्स स्पेशल ट्रेन 28 दिसंबर को अजमेर से सुबह 10.25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम और उज्जैन होते हुए अगले दिन रात 11.30 बजे हैदराबाद पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन अपने मार्ग में किशनगढ़, नसीराबाद, बिजयनगर, भीलवाड़ा, भोपाल जंक्शन, इटारसी, अकोला, पूर्णा, नांदेड़, निजामाबाद और सिकंदराबाद स्टेशनों पर भी ठहरेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकंड क्लास के कोच लगाए गए हैं, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com