रीवा: गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में उपमुख्यमंत्री ने भरी हुंकार; बोले- धरती को रासायनिक मुक्त बनाना हमारा संकल्प

रीवा: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए प्राकृतिक खेती और गौ-संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना अनिवार्य है. 25 दिसम्बर दिन गुरुवार को 2 बजे सेमरिया में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जहाँ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे.
अपने ओजस्वी भाषण में डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने भावुक होते हुए कहा, “2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उन्हें माँ गंगा ने बुलाया है. आज सेमरिया की 9,000 गौ-माताओं की पुकार ही अमित शाह को हमारे बीच खींच लाई है.” उन्होंने गृह मंत्री को आधुनिक ‘लौह पुरुष’ बताते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने देश से आतंकवाद और नक्सलवाद का सफाया किया, उसी तरह अब उनके मार्गदर्शन में देश की कृषि व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा.
स्वास्थ्य मंत्री के रूप में चिंता व्यक्त करते हुए राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि वर्तमान में बढ़ते ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और फैटी लीवर जैसी बीमारियों का मुख्य कारण रासायनिक खादों का अंधाधुंध उपयोग है. उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि रासायनिक खादों से मर रहे सूक्ष्म जीवों को बचाने के लिए जीवामृत और घन जीवामृत का उपयोग करें. सेमरिया के किसानों को विशेष प्रशिक्षण देकर रीवा को प्राकृतिक खेती में देश का नंबर-1 जिला बनाया जाएगा. गाय के दूध के साथ-साथ उनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग खेती को समृद्ध बनाने में करें.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह ने देश के उन उलझे हुए मुद्दों को सुलझाया है जो दशकों से विकास में बाधा बने थे. उन्होंने कहा कि शाह की कार्यशैली और प्रबल इच्छाशक्ति के कारण ही देश आज सुरक्षित और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है. गृह मंत्री का यहाँ आना क्षेत्र के किसानों और गौ-सेवकों के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा.
इस अवसर पर प्रदेश के प्रभारी महेंद्र सिंह, सांसद जनार्दन मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, विधायक नागेंद्र सिंह (गुढ़), दिव्य राज सिंह (सिरमौर), नरेंद्र प्रजापति (मनगवां), सिद्धार्थ तिवारी (त्योंथर) और जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे.









