बलौदाबाजार में 12 लाख की लूट सुलझी: AI और 1000 CCTV फुटेज से 4 शातिर डकैत गिरफ्तार, कई राज्यों में फैला नेटवर्क

बलौदाबाजार, 29 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 16 जुलाई को ज्वेलर्स से हुई करीब 12 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। जब्त सामग्री में लगभग एक लाख रुपये के चांदी के जेवर, ₹10,620 नकद, पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, तलवार, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम रोहरा निवासी दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी अपनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर भाटापारा ग्रामीण थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर तक के मार्गों पर लगे 1,000 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान AI आधारित वीडियो और डेटा एनालिटिक्स तकनीक का भी उपयोग किया गया। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था और भागने के संभावित रास्तों की पहले से योजना बनाता था। आरोपी पिस्तौल और धारदार हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देते थे तथा विरोध होने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचकते थे। घटना के बाद वे अलग-अलग रास्तों से बाइक और चारपहिया वाहनों के जरिए फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, यही गिरोह 4 जुलाई 2022 को रोहरा हाईस्कूल के पास महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक से हुई लूट और 5 सितंबर 2024 को भाटापारा के देवरीडीह तिराहा के पास आयुष ज्वेलर्स संचालक से हुई लूट की वारदात में भी शामिल रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (48) निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश), जयदीप गुप्ता (43) निवासी रीवा (मध्य प्रदेश), जिआ उल हक (42) निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) और गंगासागर पाण्डेय (42) निवासी चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह अब तक करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की लूट, डकैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क, आश्रयदाताओं और अन्य राज्यों में हुई वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस को आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com