सहारनपुर: अनशनकारी की बिगड़ी हालत, जिला अस्पताल में भर्ती, फिर भी जारी रखा धरना

सहारनपुर: जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर न्याय की मांग को लेकर 23 जनवरी से अनशन पर बैठे रवि कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई. अनशन के दौरान हालत गंभीर होते देख मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद रवि कुमार को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए ड्रिप और ग्लूकोज चढ़ाया. इलाज के बाद जब उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ, तो वह ड्रिप लगी अवस्था में ही दोबारा जिला अधिकारी कार्यालय पहुंच गया और अपना अनशन जारी रखा. इस दौरान एक पुलिसकर्मी ग्लूकोज की बोतल लेकर युवक के साथ डीएम कार्यालय के बाहर मौजूद रहा.
पीड़ित रवि कुमार का कहना है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेगा। उसने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी घर से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई थी। बाद में उसे जानकारी मिली कि पत्नी ने किसी अन्य व्यक्ति से दूसरी शादी भी कर ली है.
रवि कुमार के अनुसार वह वर्ष 2023 से लगातार प्रशासन के चक्कर काट रहा है और कई बार शिकायत दर्ज करा चुका है, लेकिन अब तक उसे कोई ठोस मदद नहीं मिली. इसी से परेशान होकर उसने जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर अनशन शुरू किया. मामले की जानकारी मिलने पर आज़ाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने पीड़ित की मदद के लिए एक प्रतिनिधिमंडल जिला अधिकारी कार्यालय भेजा. आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता कमल वालिया डीएम कार्यालय पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात की. कमल वालिया ने बताया कि वे जिलाधिकारी से मिलकर पीड़ित की समस्या को गंभीरता से उठाएंगे और उसे न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे. वहीं, मौके पर मौजूद लोग भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
फिलहाल रवि कुमार का अनशन जारी है और उसकी तबीयत पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.











