SAIL को नया चेयरमैन, भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े डॉ. अशोक कुमार पांडा बने CMD

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) को जल्द ही नया चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मिलने जा रहा है। सेल के निदेशक (फाइनेंस) डॉ अशोक कुमार पांडा को इस पद के लिए चुना गया है। शनिवार को सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) की बैठक में इंटरव्यू के बाद उनके नाम को मंजूरी दी गई।
पीईएसबी की बैठक में सेल के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर पद के लिए कुल 10 वरिष्ठ अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया। इनमें सेल और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के कई बड़े अधिकारी शामिल थे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीईएसबी ने डॉ अशोक कुमार पांडा के नाम की सिफारिश की।
सेल में फाइनेंस डिपार्टमेंट में है कार्यरत
डॉ. पांडा फिलहाल सेल में निदेशक (फाइनेंस) के पद पर काम कर रहे हैं। वे कॉमर्शियल विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। इससे पहले वे भिलाई स्टील प्लांट में कार्यपालक निदेशक (फाइनेंस एंड अकाउंट्स) के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। भिलाई में उनके कार्यकाल को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है और उन्हें वित्तीय मामलों का अनुभवी अधिकारी माना जाता है।
बड़े अफसर थे इंटरव्यू में शामिल
इस पद के लिए जिन अधिकारियों का इंटरव्यू हुआ, उनमें सेल के डायरेक्टर (माइनिंग) मनीष राज गुप्ता, राउरकेला स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी आलोक वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। रेलवे और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारी भी इस दौड़ में थे, लेकिन अंत में डॉ पांडा को सबसे उपयुक्त माना गया।
डॉ. अशोक कुमार पांडा को स्टील सेक्टर में एक अनुभवी और मजबूत वित्तीय प्रबंधन करने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। कंपनी के अंदर लंबे समय तक काम करने का अनुभव उनके पास है। यही वजह रही कि चयन बोर्ड ने उनके नाम पर सहमति दी। अब औपचारिक नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ अशोक कुमार पांडा सेल के नए चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।









