गाजियाबाद में तीन बहनों की आत्महत्या मामले में चौंकाने वाले खुलासे, परिवार और मोबाइल की लत बनी जांच का केंद्र

गाजियाबाद जिले के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग बहनों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में पता चला है कि मृतक बहनों के पिता चेतन की दो शादियां थीं और दोनों पत्नियां आपस में सगी बहनें हैं। पूरा परिवार एक ही फ्लैट में रहकर जीवनयापन कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, चेतन की पहली शादी परिवार की सहमति से हुई थी। बाद में उसका अपनी साली से प्रेम संबंध हो गया और उसने दूसरी शादी भी कर ली। पहली पत्नी की दो बेटियां थीं, जबकि दूसरी पत्नी की एक बेटी थी। इसी तरह तीनों बहनें एक ही घर में साथ रहती थीं।
पुलिस को बच्चियों के कमरे से एक सुसाइड नोट और एक डायरी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। इन दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। परिवार पिछले तीन वर्षों से भारत सिटी सोसाइटी में किराये के फ्लैट में रह रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि कोविड काल के बाद से तीनों बहनें स्कूल नहीं जा रही थीं और अधिकतर समय घर पर ही रहती थीं। इस दौरान उन्हें मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेम्स की लत लग गई थी। वे कोरियन कल्चर, गाने, फिल्में, कार्टून, यूट्यूब वीडियो और मोबाइल गेम्स से काफी प्रभावित थीं।
परिजनों के अनुसार, बच्चियों की मोबाइल की बढ़ती लत से परिवार परेशान था। इसी कारण पिता ने कुछ समय पहले उनका मोबाइल फोन ले लिया था। माना जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर तीनों बहनों ने यह कदम उठाया।
सुसाइड नोट में बच्चियों ने लिखा है कि उन्हें कोरियन कल्चर से बहुत लगाव था और परिवार द्वारा इससे दूर करने की कोशिश किए जाने से वे दुखी थीं। पुलिस के अनुसार, अब तक किसी भी टास्क आधारित या खतरनाक ऑनलाइन गेम के प्रमाण नहीं मिले हैं। वे सामान्य मोबाइल गेम्स ही खेलती थीं, जो प्ले स्टोर पर उपलब्ध होते हैं।
घटना के बाद पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल डेटा के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि तीनों बहनों ने देर रात अपने फ्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है, जिसमें पारिवारिक माहौल, मानसिक स्थिति और ऑनलाइन गतिविधियां शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।











