अंबिकापुर में राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेले का शुभारंभ, सीएम विष्णु देव साय की बड़ी घोषणाएं, तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर जोर

अंबिकापुर/सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र में दो दिवसीय राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेले का भव्य शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत साल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है, जहां बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है.

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से 3100 रुपये में धान खरीदी कर रही है और अंतर की राशि का भुगतान भी एकमुश्त किया जा रहा है. उन्होंने दोहराया कि सरकार पिछले दो वर्षों से किसानों से किए गए हर वादे को निभा रही है.
उन्होंने कहा कि देश खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर हो चुका है, लेकिन तिलहन के क्षेत्र में अभी भी बड़ी कमी है.

वर्तमान में देश अपनी आवश्यकता का केवल 57 प्रतिशत तिलहन उत्पादन कर पा रहा है, जबकि 43 प्रतिशत आयात करना पड़ता है. इस स्थिति को बदलने के लिए राज्य में तिलहन विकास को प्राथमिकता दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि तिलहन फसलों के लिए प्रति एकड़ 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. उन्होंने किसानों से वैज्ञानिकों के सुझावों को अपनाने और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने की अपील की.

साथ ही पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन जैसे अतिरिक्त व्यवसायों से आय बढ़ाने पर भी जोर दिया. इस मौके पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए किसानों से तिलहन और दलहन उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बताया कि राज्य में कृषि महाविद्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से हर साल हजारों किसानों को आधुनिक खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और उन्नत बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.

इस किसान मेले के जरिए सरकार ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और देश को खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जाएंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com