समस्तीपुर: सड़क दुर्घटना में जीजा-साले की मौत से हड़कंप!

समस्तीपुर: बिहार समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर गांव के पास समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार की शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की हो गई मौत.
मृतकों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकहबीब गांव निवासी राम लखन राय के 35 वर्षीय पुत्र महेश राय तथा मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के बोचहा गांव निवासी सुरज राय के 25 वर्षीय पुत्र सुमन कुमार रूप में की गई है. दोनों युवक दूध का कारोबार करते थे. बताया गया है कि महेश राय अपने साले सुमन कुमार के साथ वारिसनगर थाना क्षेत्र के भादोघाट स्थित बहन के घर से बाइक से विभूतिपुर लौट रहे थे.
इसी दौरान विशनपुर चौक से पहले बाइक का डिस्क ब्रेक अचानक लग जाने से वाहन असंतुलित हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद बाइक करीब 50 मीटर तक सड़क पर रगड़ते हुए चली गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सदर अस्पताल में मृतक महेश राय के भाई कैलाश राय ने घटना की जानकारी दी. इधर, सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.











