सुपौल में शिक्षा विभाग का सख्त एक्शन! यू-डायस लापरवाही पर 10 स्कूलों पर गिरी गाज

सुपौल : सदर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल द्वारा यू-डायस 2025-26 के अंतर्गत स्टूडेंट प्रोफाइल मॉड्यूल में कक्षा एक के नामांकित छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन प्रविष्टि नहीं किए जाने के आरोप में सदर प्रखंड अंतर्गत 10 विद्यालयों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की सूचना जारी की गई है.

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, सुपौल के कार्यालय से इस संबंध में पत्र निर्गत किया गया था. साथ ही कार्यालय पत्रांक 279 दिनांक 4 नवंबर 2025 एवं 15 नवंबर 2025 के माध्यम से यह स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि यू-डायस 2025-26 के अंतर्गत छात्र प्रोफाइल से संबंधित आंकड़ों की ऑनलाइन रिपोर्ट एवं अद्यतन प्रक्रिया समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाए.

कार्यालय के निर्देश के अनुसार 5 नवंबर 2025 से लगातार व्हाट्सएप ग्रुप, एचएम ग्रुप तथा संबंधित प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक से मोबाइल के माध्यम से संपर्क स्थापित कर लिखित एवं मौखिक रूप से कार्य निष्पादन हेतु निर्देश दिए जाते रहे. इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों द्वारा अब तक कक्षा एक में नामांकित छात्र-छात्राओं की प्रविष्टि यू-डायस पोर्टल पर नहीं की गई.

कार्यालय द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया था कि यू-डायस पोर्टल 31 दिसंबर 2025 को बंद हो जाएगा तथा इससे पूर्व सभी नामांकित छात्रों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से पूर्ण करनी होगी. निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं किए जाने से संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक की कार्य के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है.

इस आलोक में सदर प्रखंड अंतर्गत जिन 10 विद्यालयों को विभागीय कार्रवाई के दायरे में लिया गया है, उनमें प्राथमिक विद्यालय गौशाला धत, प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीनिया हरदी, प्राथमिक विद्यालय लतराहा पूरब, प्राथमिक विद्यालय संप्रदा उत्तर, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला रामदत्तपट्टी, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सिमरा टोला मुसहरी, प्राथमिक विद्यालय लखनीपट्टी, मध्य विद्यालय धापारिया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नकट एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय सीतूहर शामिल हैं.

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया है कि यदि वे अपना पक्ष रखना चाहते हैं तो दिनांक 3 जनवरी 2026 को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कक्षा एक के छात्रों की सूची के साथ उपस्थित होकर अपना लिखित स्पष्टीकरण समर्पित करना सुनिश्चित करें.निर्धारित तिथि पर स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com