छत्तीसगढ़ में क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर ढाबों में सख्त जांच, दो प्रतिष्ठानों को नोटिस

महासमुंद जिले में क्रिसमस और नववर्ष 2026 को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के आदेश और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच जारी है।

अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन उमेश कुमार के मार्गदर्शन में जिले के प्रमुख ढाबों की सघन जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई ने यात्रियों और आम नागरिकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिले के विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों पर स्थित ढाबों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान मेसर्स शान-ए-पंजाब ढाबा (ग्राम कांपा), मेसर्स महाराजा ढाबा (एनएच-53, बिरकोनी) और मेसर्स द केसरिया ढाबा (ग्राम घोड़ारी) का निरीक्षण किया गया। किचन, स्टोरेज एरिया, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वच्छता, खाद्य लाइसेंस और आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।

मेसर्स शान-ए-पंजाब ढाबा और मेसर्स महाराजा ढाबा में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। दोनों प्रतिष्ठानों में किचन और स्टोरेज क्षेत्र में स्वच्छता का अभाव था, खाद्य सामग्री खुले में रखी गई थी और आवश्यक अभिलेखों का सही रख-रखाव नहीं था। इन कमियों के कारण दोनों फर्मों को 15 दिनों के भीतर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने कहा कि यदि समयसीमा में सुधार नहीं हुआ तो लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है या कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मेसर्स द केसरिया ढाबा में व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत संतोषजनक पाई गईं, लेकिन कुछ बिंदुओं पर सुधार के सुझाव दिए गए हैं। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भोजन करते समय स्वच्छता का ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सूचना दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की जांच कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com