पैकेज्ड फूड पर बढ़ेगी सख्ती, फ्रंट ऑफ पैक लेबल पर करना होगा बदलाव, FSSAI ने दिया ये प्रस्ताव

पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में शुगर, फैट और नमक जैसे अन्य पोषक तत्वों की मात्रा को लेकर उपभोक्ताओं को अधिक स्पष्ट जानकारी देने की प्रक्रिया को अनिवार्य बनाया जा रहा है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने न्यू फ्रंट-ऑफ-पैक वार्निंग लेवल के लिए फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (Front-of-Pack Nutrition Labelling, FoPL) करने का प्रस्ताव रखा है.
भारतीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण FSSAI की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अनुपालन हलफनामे में एक चरण में FoPL लागू करने का प्रस्ताव दिया गया है. अंतिम नियम अधिसूचित होने के बाद कंपनियों को स्वैच्छिक अनुपालन के लिए 365 दिनों का वक्त देने का प्रस्ताव दिया गया है.
तो नए पैकेट पर लगेंगे चेतावनी वाले लेबल
अगर FSSAI का यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो पैक्ड फ़ूड के पैकेट के सामने साफ चेतावनी वाले लेबल लगाए जा सकते हैं. ये लेबल उस डिटेल्ड न्यूट्रिशन जानकारी के साथ होंगे जो अभी पैकेट के पीछे होती है.
प्रस्तावित लेबल में सफेद चौकोर बैकग्राउंड के अंदर एक लाल हेक्सागन यानी 6 कोनों वाली डिजाइन होगा, जिसके भीतर पोषक तत्व या तत्वों का नाम लिखा होगा. इस लेबल को पैक के सामने के हिस्से में ऊपर बाईं ओर प्रमुखता से लगाने का प्रस्ताव है. FSSAI ने कहा है कि यह चेतावनी आसानी से दिखाई और पढ़ी जा सकने वाली होनी चाहिए.
पोषण संरचना को भी आधार बनाया जाएः FSSAI
पैकेट के सामने लाल हेक्सागन (Red Hexagon) चेतावनी चिन्ह के जरिए संबंधित पोषक तत्व की जानकारी देने की योजना है. इस लेबल में मुख्य रूप से अतिरिक्त चीनी और अतिरिक्त वसा यानी फैट की मात्रा को प्रमुखता से दिखाने का प्रस्ताव है.
लेबल के लिए पोषक तत्वों की सीमा ICMR-NIN की 2024 Dietary Guidelines के आधार पर तय करने का प्रस्ताव है. FSSAI के अनुसार केवल खाद्य पदार्थ के प्रोसेस्ड होने के स्तर के बजाय उसकी पोषण संरचना को आधार बनाया जाएगा. पैकेज के फ्रंट पर वॉर्निंग लेबल को ऊपरी हिस्से में प्रमुखता से दिखाने करने का प्रस्ताव है.
जबकि कुछ उत्पादों पर ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ जैसी अतिरिक्त चेतावनी भी देने का प्रस्ताव रखा गया है. स्कूलों में पोषण जागरूकता बढ़ाने के लिए Eat Right School और CBSE के सहयोग से इस तरह से जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों पर भी जोर दिया गया है.











