JDU ने MLC उम्मीदावारों की लिस्ट की जारी… जानें किस सीट से कौन लड़ेगा चुनाव

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी अधिसूचना में चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं. जेडीयू ने पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है.
पार्टी की ओर से जारी लिस्ट में सभी चार उम्मीदवारों के नाम स्पष्ट किए गए हैं. जेडीयू की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार उम्मीदवार होंगे. तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा को प्रत्याशी बनाया गया है. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर को टिकट दिया गया है. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय जेडीयू के उम्मीदवार होंगे.
पटना स्नातक सीट पर छिड़ा था घमासान
इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट की हो रही है, जहां जनता दल यूनाइटेड (JDU) के ही दो नेताओं के बीच राजनीतिक खींचतान चल रही थी. मोकामा के विधायक अनंत सिंह इस सीट के लिए मौजूदा MLC नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे, यहां तक कि उन्होंने नीरज कुमार की हार की भविष्यवाणी भी कर दी थी.
अनंत और नीरज में चल रहा था टकराव
अनंत सिंह नहीं चाहते थे कि नीरज को पार्टी का टिकट मिले और उन्होंने उन पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे. इसके जवाब में नीरज कुमार ने भी अनंत सिंह पर पलटवार किया था. दोनों के बीच काफी समय से जबरदस्त टकराव चल रहा था.
नीतीश आए आगे तो हुआ नीरज का ऐलान
हालांकि, दो दिन पहले केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की और इस मुद्दे पर चर्चा हुई. उस मुलाकात के बाद, अनंत सिंह और नीरज कुमार दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ और आरोप लगाने से रोक दिया गया. आज, सभी विवादों को दरकिनार करते हुए, पार्टी आलाकमान ने एक बार फिर नीरज कुमार पर भरोसा जताया है.











