सूरजपुर: देर रात अवैध गन्ना परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, SDM की कार्रवाई से मचा हड़कंप

सूरजपुर: जिले में पहली बार अवैध गन्ना परिवहन को लेकर की गई सख्त प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. सूरजपुर कलेक्टर एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन में तहसील लटोरी अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर में अवैध रूप से गन्ना परिवहन किए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन ने देर रात संयुक्त कार्रवाई कर ट्रक को जब्त किया और गन्ने को नियमानुसार शुगर फैक्ट्री में खाली कराया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना केरता क्षेत्र अंतर्गत उत्पादित गन्ने को एक ट्रक में भरकर पश्चिम बंगाल की ओर अवैध रूप से ले जाने का प्रयास किया जा रहा था. सूचना मिलते ही एसडीएम सूरजपुर के निर्देशन में तहसीलदार लटोरी के सहयोग से नायब तहसीलदार लटोरी दिवाकर के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन किया गया. टीम में राजस्व विभाग, मंडी विभाग सूरजपुर, पुलिस विभाग, गन्ना विभाग तथा शुगर फैक्ट्री केरता के प्रबंध संचालक एवं एमडी शामिल रहे.
संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात्रि लगभग एक बजे ग्राम कल्याणपुर के समीप संदिग्ध ट्रक को रोका. जांच के दौरान गन्ने के अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर ट्रक को तत्काल शुगर फैक्ट्री केरता ले जाया गया, जहां ट्रक में लोड समस्त गन्ने को संबंधित किसान के नाम से नियमानुसार सुरक्षित रूप से खाली कराया गया. इस कार्रवाई से न केवल अवैध परिवहन की कोशिश नाकाम हुई, बल्कि किसानों के हितों की भी रक्षा सुनिश्चित की गई.
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह पहली बार है जब जिले में अवैध गन्ना परिवहन के खिलाफ इस स्तर पर कार्रवाई की गई है. एसडीएम की इस सख्त पहल से अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने उत्पाद का परिवहन केवल निर्धारित नियमों के तहत ही करें. साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध गन्ना परिवहन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.









