हत्या के बाद बदला ठिकाना, तेलंगाना में छिपा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में चाचा पर जानलेवा हमला करने के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। बैगापारा पोलमी गांव में जमीन विवाद के दौरान भांजे फूलसिंह बैगा ने अपने चाचा सुकलाल बैगा पर डंडे से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सुकलाल का करीब 15 दिन तक अस्पताल में इलाज चला, जिसके बाद 17 दिसंबर 2024 को उसकी मौत हो गई।
चाचा की मौत के बाद आरोपी फरार होकर तेलंगाना चला गया था। कुकदुर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाया और सांगारेड्डी जिले से उसे गिरफ्तार कर लिया।
जमीन विवाद में हुआ था हमला
घटना 2 दिसंबर 2024 की है। पुलिस के अनुसार बैगापारा पोलमी में जमीन को लेकर विवाद के दौरान फूलसिंह बैगा ने गाली-गलौच और धमकी देते हुए अपने चाचा सुकलाल बैगा के सिर पर डंडे से वार किया था।
घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। घायल सुकलाल का अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन 17 दिसंबर को उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद हत्या की धारा जोड़ी गई
सुकलाल की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। गंभीर चोटों के चलते हुई मौत की पुष्टि होने पर प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) जोड़ी गई।
इसके बाद आरोपी फूलसिंह फरार हो गया और तेलंगाना में जाकर छिप गया।
सांगारेड्डी में छिपा था आरोपी
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से उसके तेलंगाना में होने की सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों से भी इसकी पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस टीम तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले पहुंची।
पुलिस ने गुम्माडीडाला थाना क्षेत्र से आरोपी फूलसिंह बैगा को गिरफ्तार किया और उसे कवर्धा लेकर आई।
कोर्ट ने भेजा न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कवर्धा एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि कुकदुर थाना क्षेत्र के बैगापारा गांव में सुकलाल बैगा की मौत के मामले में उसके भतीजे फूलसिंह बैगा को तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कई दिनों से फरार था।











