चंदौरा जंगल में महिला की निर्मम हत्या: शिनाख्त नहीं होने से गहराया रहस्य, SDOP व फोरेंसिक टीम ने रातभर की बारीकी से जांच

सूरजपुर: चंदौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहीया-घाट पेंडारी रोड के जंगल में मिली अज्ञात महिला की निर्मम हत्या के मामले में आज भी रहस्य बरकरार है. पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे जांच और अधिक चुनौतीपूर्ण होती जा रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीती रात फोरेंसिक टीम, एसडीओपी प्रतापपुर तथा चंदौरा थाना प्रभारी मनोज सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और लंबे समय तक बेहद बारीकी से जांच-पड़ताल की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का सिर पूरी तरह से कुचला गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हत्या अत्यंत नृशंस तरीके से की गई. इसके अलावा शरीर के कई अन्य हिस्सों में भी गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जो क्रूर मारपीट की ओर इशारा करते हैं.

पुलिस को जांच के दौरान मृतका के हाथ और पैरों में सरगुजिहा गोदना के निशान मिले हैं. इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी दूरदराज इलाके की नहीं, बल्कि आसपास के ही किसी गांव या क्षेत्र की रहने वाली हो सकती है. इस दिशा में पुलिस ने क्षेत्र के सभी पंचायतों के सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों से महिला की पहचान कराने में सहयोग करने की अपील की है.

पहचान नहीं हो पाने के कारण फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को रोक दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि हत्या के कारणों, समय और घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके. इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि वे पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ महिला की पहचान और हत्यारों तक पहुंचने के प्रयास में जुटे हुए हैं। जांच जारी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com