इटावा: जनरेटर के जहरीले धुएं ने बुझा दी दो घरों की रौशनी, एक साथ जली मोहित–सागर की चिताएं…

इटावा: वैदपुरा थाना क्षेत्र के गांव रूपपुरा में शुक्रवार की शाम ऐसा सन्नाटा पसरा, जिसे शब्दों में पिरोना मुश्किल है. यह सिर्फ एक शाम नहीं थी, बल्कि दो परिवारों की पूरी ज़िंदगी का अंतहीन अंधेरा था. फिरोजाबाद में जनरेटर से निकले जहरीले धुएं की चपेट में आकर जान गंवाने वाले मोहित (25) और सागर के शव जैसे ही गांव पहुंचे, पूरा रूपपुरा रो पड़ा. गलियों में चीखें थीं, आंखों में आंसू और दिलों में ऐसा दर्द, जो कभी न भरने वाला है.

मोहित पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत था. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. घर की एकमात्र रौशनी, मां की दुआओं का सहारा और पिता की लाठी. उसके कंधों पर पूरे परिवार के सपनों की जिम्मेदारी थी. दूसरी ओर सागर भी अपने घर का अकेला सहारा था। वह भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार को संभालने के लिए बाहर गया था. किसी ने नहीं सोचा था कि रोज़गार की तलाश उन्हें मौत के मुंह तक ले जाएगी.

जब शुक्रवार शाम दोनों युवकों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, तो गांव की धरती भी मानो कांप उठी. दो चिताओं की आग के साथ सिर्फ दो शरीर नहीं जले वहां दो मांओं की गोद, दो परिवारों के अरमान, और गांव की मुस्कान भी राख हो गई. मांओं की चीखें, बहनों की सिसकियां और पिता की खामोश आंखें हर किसी का कलेजा चीर रही थीं. किसी के पास सांत्वना के शब्द नहीं थे, क्योंकि यह दुख शब्दों से कहीं बड़ा था.

हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल था. अगर समय रहते मदद मिल जाती, तो क्या आज ये दो जिंदगियां बच सकती थीं? क्या थोड़ी सी सतर्कता, थोड़ी सी जिम्मेदारी दो घरों को उजड़ने से बचा सकती थी?

गांव में शोक की गहरी लहर है. हर घर में मातम पसरा है और हर आंख नम है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी. एक जनरेटर की जहरीली सांसें, दो बुझी हुई चिताएं और उजड़ गया भविष्य रूपपुरा इस त्रासदी को शायद कभी नहीं भूल पाएगा. यह हादसा सिर्फ दो मौतें नहीं, बल्कि एक चेतावनी भी है, जिसे अनसुना करना और भी जिंदगियों को खतरे में डाल सकता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com