सड़क पर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, धारदार हथियार के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा

दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सड़क पर राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वार्ड क्रमांक 34 सरस्वती नगर शिवपारा इलाके में हथियार लेकर घूम रहा था और आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहा था।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रांति नेताम (40 वर्ष) निवासी सरस्वती नगर शिवपारा, दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।











