औरंगाबाद: मकान से 25 लाख रुपये के आभूषण और डेढ़ लाख नगदी लेकर भागे चोर, जांच में जुटी पुलिस

औरंगाबाद: नगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर स्थित एक मकान में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया और लाखों के गहनों के साथ साथ नगदी रुपये भी लेकर चोर फरार हो गए. चोरी की घटना शहर के सर्वोदय नगर के गली नंबर आठ निवासी मृणाल रंजन जो कि टाटा कंपनी में रीजनल ट्रेनिंग मैनेजर के पद पर पटना में पदस्थापित हैं के घर में घटी है.
चोरी की घटना किस दिन हुई इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. शनिवार को उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से देव प्रखंड के एरौरा गाँव के रहने वाले है और यहां मकान बनाकर पिछले कई वर्षों से अपनी माँ के साथ रहते है. उन्होंने बताया कि वह प्रत्येक शुक्रवार को ड्यूटी से अपने घर आते है और फिर सोमवार को चले जाते है.
उनकी मां भी दो दिन पहले अपने बहन के यहां एक शादी समारोह में गई हुई थी. जिसके कारण घर खाली पड़ा हुआ था. शुक्रवार की रात्रि दस बजे जब वह अपने मकान में पहुंचे तो देखा कि मुख्य द्वार छोड़कर सीढ़ी की तरफ का ताला टूटा हुआ था और संभवतः उधर से ही चोरों ने घर में प्रवेश किया होगा. इसकी सूचना डायल 112 को दी.
रात्रि 11 बजे डायल 112 के पुलिसकर्मी पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर सभी कमरे का ताला टूटा हुआ था. कमरे के अंदर सभी सामान बिखरे पड़े थे. कमरे के अंदर रखा आलमीरा का लॉकर टूटा हुआ था। चोरों ने लॉकर तोड़कर उसमें रखे नगद और सारे जेवरात की चोरी कर फरार हो गए.
इस संबंध में मृणाल रंजन ने नगर थाने मे आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है.
दर्ज कराई गये प्राथमिकी में उन्होंने बताया है कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर से एक से डेढ़ लाख कैश, 8 अंगूठी, 2 चैन, 4 कंगन, 2 कान का झुमका, एक कान की बाली,आधा किलो चांदी का वर्तन एवं सिक्का, एक नथिया एवं पांच पायल की चोरी कर ली गई है.
इस संबंध में नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि चोरी से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है. आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है और चोरों के धड़ पकड़ की कार्रवाई में पुलिस जुटी हुई है.











