IPL में 10 साल से खेल रहा ये स्टार, फिर भी नहीं कोई फिफ्टी, न कभी झटके 4 विकेट

IPL में 10 साल से खेल रहा ये स्टार, फिर भी नहीं कोई फिफ्टी, न कभी झटके 4 विकेट

इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन शुरू हो चुका है और इसमें अब कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो लंबे समय से लीग का हिस्सा हैं. अब अगर कोई इतने लंबे समय से खेल रहा है, तो उसके नाम कुछ न कुछ खास उपलब्धि होगी ही या फिर कोई न कोई मुकाम उस खिलाड़ी ने हासिल किया ही होगा. मगर एक खिलाड़ी ऐसा भी है, जिसका आईपीएल में ये 10वां साल है और उसने इस दौरान कुछ छोटे-छोटे और अहम योगदान दिए हैं. फिर भी ऑलराउंडर होने के बावजूद इस खिलाड़ी ने आज तक कोई अर्धशतक नहीं लगाया और न ही कभी 3 से ज्यादा विकेट लिए हैं. ये खिलाड़ी हैं वॉशिंगटन सुंदर.

भारतीय टीम के स्पिन-ऑलराउंडर सुंदर 2017 से ही आईपीएल में सक्रिय हैं. सिर्फ 17 साल की उम्र में ही उन्होंने IPL में अपना डेब्यू कर लिया था और इसके बाद से ही वो हर सीजन में खेल रहे हैं. उनका मुख्य रोल तो ऑफ स्पिन बॉलिंग है लेकिन साथ ही वो बल्ले से भी अहम योगदान देने की काबिलियत रखते हैं. इसी काबिलियत के दम पर वो लीग में बने हुए हैं और एमएस धोनी, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स जैसे स्टार खिलाड़ियों की टीम में खेल चुके हैं.

सुंदर ने अपने IPL करियर में अभी तक 4 अलग-अलग टीमों की ओर से मैदान में कदम रखा है. हालांकि वो कभी-कभी सीजन के सारे मैच नहीं खेल पाए और अक्सर प्लेइंग-11 से अंदर-बाहर होते रहे हैं. फिर भी लगभग हर टीम के लिए कुछ मौकों पर बेशकीमती योगदान दिए हैं. मगर निजी तौर पर उनके नाम कोई छोटी या बड़ी उपलब्धि दर्ज नहीं हो सकी है. आंकड़े बताते हैं कि 26 साल के इस ऑलराउंडर ने अब तक कुल 68 मैच खेले हैं लेकिन वो कभी भी कोई अर्धशतक नहीं लगा सके हैं और न ही एक पारी में 3 से ज्यादा विकेट ले सके हैं.

पुणे सुपर जायंट्स के लिए 2017 में डेब्यू करने के बाद से सुंदर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और अब गुजरात टाइटंस की जर्सी पहनी है. इस दौरान 68 मैच की 47 पारियों में उन्हें बैटिंग का मौका मिला है, जिसमें उन्होंने 533 रन बनाए हैं. उनका सबसे बड़ा स्कोर 49 रन का रहा है. वहीं 64 पारियों में उन्होंने गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली है लेकिन 40 विकेट ही ले सके हैं. उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन 16 रन देकर 3 विकेट है. वो किसी भी सीजन में 10 विकेट नहीं ले सके हैं. सुंदर ने 2017 और 2020 में 8-8 विकेट लिए थे.

वॉशिंगटन सुंदर इस साल गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं और दोनों मुकाबलों में उन्हें मौका मिला है. हालांकि वो सिर्फ 22 रन बनाने के साथ 1 विकेट ही झटक सके हैं. गुजरात इस साल उन पर भरोसा जताती हुई नजर आ रही है. ऐसे में इस ऑलराउंडर के पास मौका है कि वो आईपीएल 2026 में अपना ये अनचाहा रिकॉर्ड सुधार सकें.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com