रीवा: पत्रकार को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी, आईजी से शिकायत

रीवा: जिले के मनगवां थाना क्षेत्र में पुलिस और रसूखदारों की कथित मिलीभगत का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है. स्थानीय पत्रकार महेंद्र तिवारी ने आज 27 फरवरी की दोपहर 2 बजे रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मनगवां थाने में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक पर मानसिक प्रताड़ना और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है.
पीड़ित पत्रकार महेंद्र तिवारी का विधायक प्रतिनिधि प्रियंका तिवारी के साथ पुराना जमीनी विवाद चल रहा है. महेंद्र तिवारी का दावा है कि इस मामले में न्यायालय द्वारा प्रियंका तिवारी के ससुर रमेश तिवारी व अन्य के विरुद्ध बेदखली का आदेश भी पारित किया जा चुका है. आरोप है कि इसी कानूनी हार से बौखलाकर प्रियंका तिवारी ने पत्रकार के विरुद्ध थाने में मारपीट और गाली-गलौज की एक झूठी शिकायत की है.
पत्रकार का सीधा आरोप है कि मनगवां थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक विष्णुदत्त पाण्डेय इस मामले में निष्पक्ष जांच करने के बजाय उन पर दबाव बना रहे हैं. शिकायतकर्ता का कहना है कि आरक्षक द्वारा उन्हें बार-बार फोन कर विपक्षी पार्टी से समझौता करने को कहा जा रहा है. समझौता न करने की सूरत में उन्हें गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमा कायम कर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है.











