एक दिन, तीन बड़ी रेड… सूरजपुर पुलिस ने अपराधियों की तोड़ी कमर

सूरजपुर : जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सूरजपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है.डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले की पुलिस अवैध जुआ, चोरी और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों के खिलाफ विशेष सतर्कता बरत रही है.इसी क्रम में चौकी बसदेई पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपराधियों पर कड़ा प्रहार किया है.
दिनांक 18 दिसंबर 2025 को चौकी बसदेई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गंगोटी शिवपुर नदी के किनारे कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं.सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो जुआड़ियों—दिनेश साहू (25 वर्ष) एवं रामचरण सिंह (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गंगोटी—को जुआ खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया.
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ जुआड़ी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने जुआ फड़ से 1100 रुपये नगद तथा करीब 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत की 4 मोटरसाइकिल जब्त की। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई.
इसी दिन दूसरी बड़ी कार्रवाई रेलवे विभाग की मालगाड़ी से चावल चोरी के मामले में सामने आई. मुखबिर की सूचना पर बसदेई पुलिस ने उंचडीह रेलवे फाटक के पास दबिश देकर ग्राम झांसी निवासी दमोदर राव एवं उंचडीह निवासी दिनेश विश्वकर्मा को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रेलवे मालगाड़ी से चावल चोरी कर बिक्री के उद्देश्य से लाने की बात स्वीकार की.पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 4 क्विंटल चावल, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है, जब्त किया.दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 35(1-घ)/303(2) के तहत कार्रवाई की गई.
तीसरी कार्रवाई में चौकी बसदेई पुलिस को चोरी के कोयले की सूचना मिली.पुलिस ने ग्राम कुसमुसी खालपारा निवासी मनोज साहू के घर दबिश देकर वहां से करीब 2 टन चोरी का पत्थर कोयला बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये आंकी गई है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने भास्करपारा ओपन कास्ट माइंस से कोयला चोरी कर बिक्री के लिए अपने घर में रखा था। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 35(1-घ)/303(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई.
इन तीनों मामलों में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल एवं उनकी टीम की सक्रिय और त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही.एक ही दिन में की गई इन तीन बड़ी कार्रवाइयों से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा है और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है.









