‘टिंडर किलर’ प्रिया सेठ बनेगी दुल्हन, जेल में हुआ 5 कत्ल के आरोपी से प्यार; आज राजस्थान में होगी शादी

जयपुर: राजस्थान के अपराध जगत में चर्चित नाम प्रिया सेठ, जिसे ‘टिंडर किलर’ के नाम से जाना जाता है, आज विवाह बंधन में बंधने जा रही है. प्रिया सेठ उम्रकैद की सजा काट रही है और जिस व्यक्ति से वह शादी कर रही है, वह भी हत्या के गंभीर मामलों में दोषी हनुमान प्रसाद है, जिसे पांच लोगों की हत्या के मामले में उम्रकैद हुई है.
दोनों की मुलाकात सांगानेर खुली जेल में हुई थी, जहां वे सजा काट रहे थे. करीब छह महीने पहले जेल परिसर में हुई जान-पहचान धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया. इस पर राजस्थान हाईकोर्ट ने मानवीय आधार पर दोनों कैदियों को 15 दिनों की आपात पैरोल प्रदान की है.
विवाह समारोह हनुमान प्रसाद के पैतृक गांव बड़ौदामेव (अलवर) में आयोजित किया जा रहा है. शादी के कार्ड के अनुसार, 21 जनवरी को लग्न, 22 जनवरी को चाक-भात की रस्में संपन्न हुईं, जबकि 23 जनवरी को घुड़चढ़ी और विवाह का कार्यक्रम निर्धारित है. विवाह स्थल निज निवास, हौली चौक, बड़ौदामेव बताया गया है.

प्रिया सेठ का मामला
प्रिया सेठ मई 2018 में जयपुर के दुष्यंत शर्मा हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आई थी. उसने डेटिंग ऐप टिंडर के जरिए दुष्यंत से संपर्क किया और अपने तत्कालीन साथी दीक्षांत कामरा का कर्ज चुकाने के लिए अपहरण और फिरौती की साजिश रची. फिरौती की आंशिक रकम मिलने के बाद भी पहचान उजागर होने के डर से दुष्यंत की हत्या कर दी गई. शव को सूटकेस में भरकर दिल्ली रोड पर फेंका गया था. इस मामले में नवंबर 2023 में प्रिया सेठ को उम्रकैद की सजा सुनाई गई.
हनुमान प्रसाद का आपराधिक इतिहास
हनुमान प्रसाद अलवर के एक जघन्य हत्याकांड का दोषी है. वर्ष 2017 में उसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर उसके पति और चार बच्चों समेत कुल पांच लोगों की हत्या की थी. इस घटना ने राज्य ही नहीं, बल्कि देशभर में सनसनी फैला दी थी. अदालत ने उसे भी उम्रकैद की सजा सुनाई थी.
कानूनी प्रक्रिया के तहत पैरोल
कानून के तहत कैदियों को विवाह जैसे विशेष अवसरों पर सीमित अवधि की पैरोल दी जा सकती है. इसी प्रावधान के तहत हाईकोर्ट ने दोनों को अस्थायी राहत दी है. हालांकि, इस विवाह को लेकर क्षेत्र में खासा चर्चा है. किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन सतर्कता बरत रहा है.










