त्योहारों से पहले दुर्ग में ट्रैफिक सख्ती: शराबी ड्राइवरों और स्टंटबाजों पर कार्रवाई, ब्लैक फिल्म वाले वाहन भी निशाने पर

आने वाले महीनों में शिव महापुराण, गणेश चतुर्थी, नवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े आयोजनों को देखते हुए दुर्ग में यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस को अभी से चेकिंग, पेट्रोलिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सेक्टर-6 स्थित कंट्रोल रूम में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें अब तक की गई कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने के अभियान, यातायात जागरूकता कार्यक्रम और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ की जा रही जांच की समीक्षा की गई।

शराब पीकर ड्राइविंग और स्टंट पर होगी सख्ती

अधिकारियों को शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, सड़क पर स्टंट करने, बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर वाले वाहनों और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों की भी जांच की जाएगी। सड़क पर स्टंट करने वाले वाहन चालकों के वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात पुलिस को त्योहारों के दौरान प्रमुख स्थानों पर जरूरत के अनुसार पुलिस बल तैनात करने, वाहन चेकिंग बढ़ाने और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। नो एंट्री के दौरान शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

हादसे वाले स्थानों का निरीक्षण कर दूर की जाएंगी कमियां

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन स्थानों पर पहले हादसे हो चुके हैं, वहां जाकर स्थिति का निरीक्षण किया जाए। दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर आवश्यक सुधार कराने पर जोर दिया गया है।

सड़क की खराब स्थिति, पर्याप्त रोशनी नहीं होना, यातायात संकेतकों की कमी या अतिक्रमण जैसी समस्याएं मिलने पर संबंधित विभागों से समन्वय कर उन्हें दूर कराया जाएगा। त्योहारों के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त पेट्रोलिंग और निगरानी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com