बरेली में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते खुले सेप्टिक टैंक में गिरी 7 साल की मासूम, मौत से मातम

बरेली :  एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीया बच्ची की खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार थाना बहेड़ी के मोहल्ला शाहजी नगर नई बस्ती निवासी मोहसिन की बेटी शबनूर घर से खेलने के लिए बाहर निकली थी.काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के साथ-साथ पड़ोसियों ने भी बच्ची को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन करीब दो घंटे तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला.

इसी दौरान मकान परिसर में बने एक खुले सेप्टिक टैंक की ओर ध्यान गया. जब वहां देखा गया तो टैंक के अंदर बच्ची का हाथ दिखाई दिया। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों की मदद से बच्ची को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया और तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया.घटना ने एक बार फिर खुले सेप्टिक टैंकों और लापरवाही के खतरे को उजागर कर दिया है.स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से सबक लेकर प्रशासन और मकान मालिकों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com