कटनी में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी सवार युवती की मौत, सहेली गंभीर रूप से घायल

कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र में जिला न्यायालय के मुख्य गेट के सामने गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी पर सवार दो युवतियां दुर्घटना का शिकार हो गईं, जिसमें एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे में मृत युवती की पहचान सोफिया बानो (23 वर्ष), निवासी ईश्वरीपुरा वार्ड के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवती खुशी शुक्ला (20 वर्ष), निवासी रंगनाथ थाना क्षेत्र बताई गई है। घायल को परिजनों द्वारा उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां स्कूटी से जिला न्यायालय गेट के सामने से गुजर रही थीं। इसी दौरान स्पीड ब्रेकर के पास स्कूटी असंतुलित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोफिया बानो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खुशी शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









