रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: महिला पत्रकार को ट्रेलर ने कुचला, हालत नाजुक; चालक फरार

रायपुर: राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में बीती शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें महिला पत्रकार गायत्री सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया जा रहा है कि सड़क पार करते समय एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. हादसे में उनका मोबाइल फोन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तत्काल संपर्क करना संभव नहीं हो सका.

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पत्रकार को तुरंत डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के कैजुअल्टी ट्रॉमा यूनिट में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने के चलते परिजनों ने देर रात उन्हें VY अस्पताल में शिफ्ट कराया. चिकित्सकों का कहना है कि चोटें अत्यंत गंभीर हैं और पैरों में गंभीर क्षति के कारण सर्जरी तथा अंपुटेशन की आशंका भी जताई जा रही है.

ट्रक चालक फरार, तलाश जारी

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है. प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला पत्रकार सड़क पार कर रही थीं तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने घटना स्थल को सील कर वाहन और चालक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं.

राजधानी में सड़क सुरक्षा पर सवाल

इस घटना को लेकर परिवार और मीडिया संस्थानों ने गहरी चिंता जताई है और महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. हादसे ने एक बार फिर राजधानी में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com