कटघोरा जिला न्याय के पास कोयले से भरा ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा, बाल-बाल बचे लोग; CCTV में कैद हुआ भयावह मंजर

कोरबा: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कोयले से भरा एक ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छिर्रा न्यायालय के पास हुआ, जहां ट्रेलर से गिरा कोयला सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन पर जा गिरा.

सीसीटीवी फुटेज

हादसे के समय पिकअप वाहन में चार लोग सवार थे, जो बाल-बाल बच गए. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर के पलटने और कोयले के बिखरने का दृश्य साफ देखा जा सकता है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,  ट्रेलर तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई. कोयला सड़क पर फैल जाने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.

घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने तुरंत कटघोरा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सड़क से कोयला हटवाने और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

close