एनएच-30 पर ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर, डॉक्टर की मौके पर मौत

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
मृतक की पहचान डॉ. राजू भगत के रूप में हुई है, जो रायगढ़ जिले के निवासी थे और सुकमा जिले के छिंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे देर रात अकेले कार से रायगढ़ से छिंदगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान केशकाल थाना क्षेत्र के गारका गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार प्लास्टिक की बोतल की तरह दबकर रह गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार का दरवाजा बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद खोला गया और शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।











