बालोद में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर…एक की मौत:BSF जवान गंभीर घायल, दुर्ग से लौटते समय हादसा, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आयरन से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सीमा सुरक्षा बल (BSF) में पदस्थ जवान है, जो छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ था। यह हादसा बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम दानीटोला बस स्टैंड के सामने बुधवार रात करीब 8 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार कुसुमकसा निवासी नीतीश कुमार (24) और बीएसएफ जवान कामेश्वर तुमरेकी (37) दुर्ग से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भानुप्रतापपुर की ओर से रायपुर जा रहे आयरन ओर से लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल जवान कामेश्वर तुमरेकी को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर हंगामा किया। ग्रामीणों ने स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।

मृतक घर का इकलौता बेटा

कुसुमकसा के समाजसेवी अनिल सुथार ने बताया कि नीतीश कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह खेती-किसानी का काम संभाल रहा था। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ट्रक जब्त, आगे की कार्रवाई जारी

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि, हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com