ट्रंप ने ईरान को चेताया, कहा- परमाणु समझौता नहीं तो अगला हमला पहले से ज्यादा खतरनाक होगा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को परमाणु हथियारों के कार्यक्रम को लेकर तुरंत बातचीत करने के लिए चेताया है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान ने परमाणु कार्यक्रम दोबारा शुरू किया तो अमेरिका का अगला हमला पहले की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक होगा। ट्रंप ने यह संदेश ट्रुथ सोशल पर साझा किया और ईरान से निष्पक्ष और सभी पक्षों के लिए उपयुक्त समझौता करने की अपील की।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का एक बड़ा नौसेनिक बेड़ा, जिसमें एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन शामिल है, मध्य पूर्व की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि जून 2025 में ईरान पर अमेरिका और इजराइल की मिलीजुली कार्रवाई के दौरान ऑपरेशन मिडनाइट हैमर हुआ था, जिसने ईरान को भारी नुकसान पहुंचाया था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अब भी बातचीत नहीं की, तो अगला हमला इससे भी भयानक होगा।
ईरान की ओर से फिलहाल अमेरिका से कोई बातचीत नहीं हुई है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में अमेरिका के विशेष दूत से कोई बातचीत नहीं हुई और ईरान ने किसी वार्ता की मांग भी नहीं की है। ऐसे में दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी उच्च स्तर पर बना हुआ है।











