ऑटो में सीट बदलवाकर 74 हजार की चोरी, ड्राइवर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में ऑटो में सफर कर रहे यात्री से 74 हजार रुपए चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुरानी भिलाई पुलिस ने ऑटो चालक और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने बैंक में पैसे जमा कराने जा रहे एक यात्री को निशाना बनाकर उसकी जेब से नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी अरविंद कुमार 15 जुलाई को अपने कार्यालय से केनरा बैंक में 74 हजार रुपए जमा कराने निकले थे। उन्होंने जीई रोड से एक ऑटो में सफर शुरू किया, जिसमें पहले से दो युवक बैठे हुए थे। रास्ते में चालक ने पहले उन्हें पीछे बैठने के लिए कहा और कुछ दूरी बाद आगे वाली सीट पर बैठा दिया। इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर उनकी जेब से नकदी निकाल ली।

इसके बाद ऑटो चालक ने वाहन खराब होने का बहाना बनाया और चरोदा स्थित ज्योति कटिंग के पास यात्री को उतार दिया। जब पीड़ित ने अपनी जेब जांची तो उसमें रखे 74 हजार रुपए गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने ऑटो चालक बॉबी गुरजीत सिंह और उसके साथी धीरज वर्मा को हिरासत में लिया। पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों की पहचान कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अकेले यात्रा करने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। ऑटो में पहले से उनके साथी बैठे रहते थे और सफर के दौरान किसी न किसी बहाने यात्री की सीट बदलवाकर उसका ध्यान भटका देते थे। इसी दौरान जेब से नकदी निकाल ली जाती थी। इसके बाद वाहन खराब होने या अन्य बहाना बनाकर सुनसान स्थान पर यात्री को उतार दिया जाता था, जिससे चोरी का पता देर से चलता था और आरोपी आसानी से फरार हो जाते थे। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com